सोमवार को चांदी की कीमत जबरदस्त उछाल के साथ देखा गया. 29 दिसंबर को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी ने पहली बार ₹2,50,000 की कीमत के आंकड़े को पार कर लिया है.

सप्ताह के पहले कारोबारी सत्र सोमवार को चांदी की कीमत में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. 29 दिसंबर को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी ने पहली बार ₹2,50,000 के स्तर को पार कर लिया.
भारतीय बाजार के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में भी चांदी के भाव में तेजी दर्ज हुई है. आज चांदी के दाम पहली बार 80 डॉलर के पार चले गए थे. हालांकि, इस जबरदस्त तेजी के बाद सफेद धातु में मुनाफावसूली शुरू हुई. इससे कीमतों में मामूली गिरावट भी आई. आइए जानते हैं, चांदी की कीमतों में आ रही इस तेजी का मुख्य कारण क्या है.
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी का ताजा भाव
घरेलू फ्यूचर मार्केट में चांदी का भाव में सोमवार, 29 दिसंबर को रॉकेट सी तेजी दर्ज की गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 मार्च, 2026 की एक्सपायरी वाला सिल्वर फ्यूचर वायदा सोमवार को ₹2,47,194 (प्रति किलो) पर खुला. इसके आखिरी कारोबारी दिन एमसीएक्स पर चांदी ₹2,39,787 पर ट्रेड करते हुए बंद हुआ था.
29 दिसंबर की सुबह 10:00 बजे, एमसीएक्स पर चांदी ₹2,48,982 पर ट्रेड कर रहा था. यह पिछले दिन की बंद कीमत से लगभग ₹9,200 की बड़ी उछाल दिखाता है. MCX सिल्वर शुरुआती कारोबार में ₹2,54,174 के उच्च स्तर पर पहुंचा था.
चांदी में इस तेजी की वजह
इंडस्ट्रियल सेक्टर में चांदी की मांग लगातार बढ़ रही है. सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक वाहन और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में इसका इस्तेमाल हो रहा है. इसने ही कीमतों को मजबूत करने का काम किया है. मौजूदा समय में दुनिया भर से चांदी की करीब 60 फीसदी मांग उद्योगों से आ रही है. साथ ही चांदी के उत्पादन और मांग में बढ़ता अंतर भी चांदी के भाव में उछाल की एक बड़ी वजह है.
इसके अलावा, डॉलर की कमजोरी भी बाजार को सहारा दे रही है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती के संकेत भी मिले हैं. ऐसे हालात में निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर जा रहे हैं. इसका सीधा असर MCX पर गोल्ड और सिल्वर की कीमतों पर साफ दिख रहा है.








