ताजा चेतावनी: पहाड़ों में बारिश जारी, नए साल के पहले दिन IMD ने उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है।

देश में नए साल के पहले दिन मौसम का रुख बदलता दिख रहा है। पहाड़ों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने बारिश ला दी है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लेह और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे क्षेत्रों में बारिश हुई। कुछ मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज (1 जनवरी) पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश की आशंका जताई गई है।
दिल्ली में बारिश की संभावना
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भीषण ठंड का प्रकोप बना हुआ है। बुधवार को पूरा एनसीआर कोहरे की मोटी चादर में लिपटा रहा। आईएमडी का अनुमान है कि आज न्यूनतम तापमान 6 Cरहेगा। अधिकतम तापमान करीब 22 C रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश की आशंका जताई है। अगर बारिश होती है, तो प्रदूषण से थोड़ी राहत मिल सकती है। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 390 या 400 के आसपास है। यह स्तर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
उत्तर प्रदेश का मौसम अपडेट
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। आज गुरुवार (1 जनवरी 2026) को कई जिलों में बारिश हो सकती है। साथ ही कोहरे और शीतलहर की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है। हालांकि, इस बढ़ोतरी से यूपी के लोगों को ठंड से कोई खास राहत नहीं मिलेगी। लगातार पड़ रहे कोहरे के कारण यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। खासकर रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर दिक्कतें आ रही हैं।
आईएमडी के मुताबिक, 1 जनवरी को पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी यूपी के कई जिलों में कोहरे और ‘कोल्ड डे’ का असर दिखाई देगा। पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में आज हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, शामली, अलीगढ़, संभल, रामपुर, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
कोहरे की चेतावनी वाले जिले
वाराणसी, प्रयागराज, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, गोरखपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बस्ती, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, कौशाम्बी, चित्रकुट, बांदा, हमीरपुर, कानपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, औरेया और आगरा गुरुवार सुबह कोहरे की चादर से ढके रहेंगे। हालांकि, कुछ स्थानों पर दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी निकल सकती है।
बिहार की मौसम स्थिति
बिहार में शीतलहर और घने कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, कई हिस्सों में ‘शीतलहर जैसी’ स्थिति बनी हुई है। इससे आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को लगभग 25 जिलों के लिए घने कोहरे और कोल्ड वेव का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया था। पटना, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सुपौल, अररिया, दरभंगा, नालंदा, नवादा, भागलपुर, किशनगंज, मधुबनी और हाजीपुर सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। इससे नए साल से ठंड का असर और भी ज्यादा बढ़ सकता है।







