व्हाट्सएप में अब यूजर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से इमेज जनरेट करके उसे अपने स्टेटस पर शेयर कर सकेंगे। कंपनी ने कुछ यूजर्स के लिए यह फीचर रोलआउट कर दिया है।

व्हाट्सएप स्टेटस के लिए नया एआई फीचर
अब व्हाट्सएप पर भी एआई से इमेज जनरेट करके स्टेटस लगाने का फीचर आ गया है। कंपनी ने स्टेटस अपडेट के लिए एक नया एआई पावर्ड फीचर रोल आउट किया है। इसकी मदद से यूजर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करके अपनी मनपसंद फोटो बना सकते हैं। वे फिर उस नई इमेज को अपना व्हाट्सएप स्टेटस लगा सकेंगे। यह फीचर अभी चुनिंदा यूजर्स के लिए ही रोल आउट हुआ है। यह अगले कुछ हफ्तों में सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा। बताया जा रहा है कि यह फीचर एंड्रॉयड के साथ आईओएस के लिए भी आने वाला है।
टेक्स्ट प्रॉम्प्ट से इमेज बन जाएगी
यह नया फीचर मेटा की एडवांस्ड जनरेटिव टेक्नोलॉजी पर काम करता है। इमेज बनाने के लिए यूजर को एक टेक्स्ट प्रॉम्प्ट देना होगा। इसके बाद तुरंत एक इमेज बनकर आ जाएगी। यूजर इसे अपने स्टेटस पर शेयर कर सकेंगे। इस तरीके से इमेज बनाकर व्हाट्सएप AI Status लगाना बहुत आसान है। आइए इसका स्टेप-बाय-स्टेप तरीका जानते हैं।
यह है इस्तेमाल करने का तरीका
व्हाट्सएप ओपन करें और नया स्टेटस लगाने के लिए “अपडेट्स” टैब पर जाएं। यहां स्टेटस स्क्रीन पर दिख रहे “एआई इमेजेज” ऑप्शन पर टैप करें। इसके बाद एक टेक्स्ट बॉक्स ओपन होगा। इसमें अपनी मनपसंद इमेज बनाने के लिए प्रॉम्प्ट लिखें। प्रॉम्प्ट को सेंड करें और मेटा एआई इसके आधार पर कई इमेज बनाकर आपको दिखा देगा। इनमें से अपनी मनपसंद इमेज को सेलेक्ट करें। अगर आपको कोई भी इमेज पसंद नहीं आ रही है, तो नया प्रॉम्प्ट या एडिट करने से संबंधित प्रॉम्प्ट डालें। इसके बाद नई तस्वीर बनकर आ जाएगी। अब अपनी पसंद की इमेज को चुनें और इस पर कैप्शन, स्टीकर या टेक्स्ट आदि से कस्टमाइज करें। आखिर में सेंड पर टैप कर दें। ऐसा करते ही यह इमेज आपके व्हाट्सएप स्टेटस पर तुरंत अपलोड हो जाएगी। बाकी यूजर्स भी इसे देख पाएंगे।









