पूर्व विधायक बच्चू कडू ने किसानों से आत्महत्या न करने बल्कि अपने विधायकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने को कहा. इस पर मंत्री संजय शिरसाट भड़क गए और तीखी प्रतिक्रिया दी.

बुलढाणा के पातूर्डा गांव में विवादास्पद टिप्पणी
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के पातूर्डा गांव में पूर्व विधायक बच्चू कडू ने किसानों को संबोधित करते हुए एक बड़ा और विवादास्पद बयान दिया. उन्होंने किसानों से आत्महत्या करने के बजाय विधायकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की अपील की, जिससे राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की और उनसे किसानों को भड़काने से बचने को कहा है.
कडू ने सीधे कार्रवाई का किया आह्वान
अमरावती जिले से प्रहार जनशक्ति पार्टी के नेता ने एक सभा को संबोधित किया. उन्होंने किसानों को सुझाव दिया कि अगर वे सरकार से अपने मुद्दों का त्वरित समाधान चाहते हैं तो उन्हें अपनी जान लेने के बजाय विधायकों को सीधे निशाना बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें विधायकों के खिलाफ जोरदार तरीका अपनाना चाहिए.
बच्चू कडू का बयान: ‘आत्महत्या क्यों करें? विधायक को निशाना बनाएं’
बच्चू कडू ने कथित तौर पर कहा, ‘‘आत्महत्या क्यों करें? विधायक को मार दें, काट दें. किसानों को बिना कपड़ों के विधायक के आवास के सामने जाकर बैठना चाहिए और पेशाब करना चाहिए. अगर ये सब किया गया तो सरकार पटरी पर आ जाएगी.’’ इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद, शिवसेना नेता और मंत्री संजय शिरसाट ने कडू को किसानों को उकसाने के बजाय खुद अपनी बातों पर अमल करने की चुनौती दी.
‘क्या बच्चू कडू चाहते हैं कि किसान अपराध करें?’- संजय शिरसाट
संजय शिरसाट ने प्रतिक्रिया दी, ‘‘बच्चू कडू को ये सब खुद करना चाहिए. क्या वह किसानों को भड़काकर उनके खिलाफ और अपराध दर्ज करवाना चाहते हैं? उन्हें अपनी ज़ुबान पर लगाम लगानी चाहिए. सितंबर में आई बाढ़ और बारिश के कारण किसान पहले से ही संकट में हैं. क्या कडू चाहते हैं कि वे हत्याएं करें?’’









