अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप नहीं चाहते थे कि जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क मेयर चुनाव जीतें. लेकिन अब ट्रंप की उम्मीदों पर पानी फिर गया है. ममदानी ने जोरदार जीत हासिल की है.

अमेरिका के सबसे बड़े शहरों में न्यूयॉर्क शामिल है. इस शहर में एक बड़ा उलटफेर हो गया है. भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोहरान ममदानी को मेयर चुना गया है. उन्होंने मेयर चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया और जीत हासिल की. ममदानी पिछले 100 सालों में न्यूयॉर्क के मेयर बनने वाले सबसे युवा हैं. वह पहले भारतवंशी मुस्लिम मेयर भी हैं. खास बात यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ममदानी की जीत के खिलाफ थे. अब ममदानी की जीत से ट्रंप को भी झटका लगा है.
ममदानी ने महज 34 साल की उम्र में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर का पद संभाला है. वह चुनावी सर्वेक्षणों में इस पद के लिए सबसे पसंदीदा उम्मीदवार थे. ममदानी प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे हैं. वह खुद भी एक रैपर (संगीत कलाकार) रह चुके हैं. उनका जन्म युगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ था. इसके बाद वह सात साल की उम्र में न्यूयॉर्क आ गए थे. यहीं पर उन्हें नागरिकता मिल गई.
मेयर चुनाव में ममदानी का मुकाबला किससे था?
न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में ममदानी के अलावा दो और उम्मीदवार थे. न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर खड़े हुए. वह पहले डेमोक्रेटिक पार्टी का हिस्सा थे. रिपब्लिकन पार्टी ने कर्टिस स्लिवा को चुनावी मैदान में उतारा था. हालांकि कुओमो और कर्टिस दोनों को निराशा मिली. ये दोनों उम्मीदवार चुनावी सर्वेक्षणों में भी पीछे चल रहे थे.
ओबामा ने जीत पर ममदानी को दी बधाई
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ममदानी को जीत की बधाई दी. उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “जीत दर्ज करने वाले सभी डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को बधाई. यह साबित करता है कि जब हमारे पास मजबूत और दूरदर्शी नेता होते हैं, जो सही मुद्दों की परवाह करते हैं, तो हम जीत सकते हैं. हमें अभी भी बहुत काम करना है. भविष्य अब और उज्जवल दिख रहा है.”
आपको बता दें कि जोहरान ममदानी अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहे हैं. उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में भी आपत्तिजनक बयान दिया था.







